Spread the love


रुद्रपुर में राष्ट्रीय स्तर की फेंसिंग प्रतियोगिता में देशभर के युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
रुद्रपुर, 27 सितंबर 2026।
दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रुद्रपुर में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप–2026 के दूसरे दिन विभिन्न आयु वर्गों में रोमांचक मुकाबले हुए। देशभर से आए युवा फेंसरों ने अपनी तकनीक, गति, सटीकता और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में फॉयल, एपी और सेबर स्पर्धाओं के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।दूसरे दिन प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रत्येक मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन फुटवर्क, तेज रिफ्लेक्स और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदकों के लिए जोरदार संघर्ष किया। खिलाड़ियों के उत्साह और शानदार प्रदर्शन से पूरा परिसर खेल भावना से सराबोर रहा।
दूसरे दिन के प्रमुख पदक परिणाम
कैडेट महिला सेबर वर्ग: नव्या शर्मा — डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, पटियाला, पंजाब — स्वर्ण पदक; कांटा थारुणिका — विबग्योर हाई, एचएसआर लेआउट, बेंगलुरु — रजत पदक; गीतिका चौहान — संस्कृति मॉडर्न स्कूल तथा नंदिनी जैन — शिव नादर स्कूल, सेक्टर-168, नोएडा — कांस्य पदक।
कैडेट पुरुष सेबर वर्ग: वंश वंश — आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर-2, बीईजी रुड़की, हरिद्वार — स्वर्ण पदक; रैयान रैयान — गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल, करनाल, हरियाणा — रजत पदक; किशोरजीत सिंह थोंगाम — नॉर्थ प्वाइंट हायर सेकेंडरी स्कूल, मणिपुर तथा नैन ध्रुव — आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर-2, बीईजी रुड़की, हरिद्वार — कांस्य पदक।
जूनियर महिला फॉयल वर्ग: मन्नत कौर — डीपीएस रुद्रपुर — स्वर्ण पदक; श्विति कुमार — डीपीएस रुद्रपुर — रजत पदक; फातिमा खान रिदा — एम्पायरियन स्कूल, मुंबई, रायगढ़ तथा शानवी वर्मा — एलेनहाउस पब्लिक स्कूल, वसुंधरा, गाजियाबाद — कांस्य पदक।
दूसरे दिन के आयोजन में श्री पंकज शुक्ला, PCS, मुख्य कोषाधिकारी (Chief Treasury Officer–CTO), ऊधम सिंह नगर, श्री दुर्गा महापात्र, प्लांट हेड, GS Pharma, श्री संजीव सुमन, प्रोफेसर, College of Technology, जी. बी. पंत विश्वविद्यालय तथा श्री अंकित बंसल, रुद्रपुर सॉल्वेंट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों ने प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों का अवलोकन किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को मजबूत करते हैं।
अतिथियों ने डीपीएस रुद्रपुर द्वारा इतने बड़े स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं।
डीपीएस रुद्रपुर में आयोजित यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। प्रतियोगिता में देशभर के विद्यालयों से आए 1,500 से अधिक खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक तथा 350 से अधिक तकनीकी अधिकारी, रेफरी, निर्णायक एवं आयोजन अधिकारी सहभागिता कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के आगामी दिनों में विभिन्न आयु वर्गों और स्पर्धाओं के मुकाबले जारी रहेंगे। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और लगातार बढ़ते रोमांच के बीच सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप–2026 का समापन 2 अक्टूबर 2026 को होगा।

You cannot copy content of this page