एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई, मोबाइल फोन और 240 रुपये नकद भी बरामद

सितारगंज। जनपद ऊधम सिंह नगर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिडकुल सितारगंज पुलिस ने एक आरोपी को 8.11 ग्राम शुद्ध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 240 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक प्रदीप कोहली पुलिस टीम के साथ सिडकुल चौकी क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान जयनगर से शक्तिफार्म जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर तेजी से चलने लगा। संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में भूरे रंग का चूर्णनुमा पदार्थ बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में पदार्थ स्मैक पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर पन्नी सहित उसका कुल वजन 8.88 ग्राम और शुद्ध स्मैक का वजन 8.11 ग्राम निकला।