पौधा लगाओ जीवन बचाओ का दिया संदेश, नागरिकों से पौधों की सुरक्षा का भी किया आह्वान।
सितारगंज:(अश्वनी दीक्षित) उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर जन उत्थान समिति ने पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखण्ड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य वृक्षारोपण अभियान चलाकर प्रकृति के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे रोपे गए तथा उनके संरक्षण और संवर्धन का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में परिवहन निगम के प्रभारी स्टेशन मास्टर एच. एस. राणा ने समिति की अध्यक्षा श्रीमती पूनम एवं अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, हरियाली के विस्तार और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। समिति की अध्यक्षा श्रीमती पूनम ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने घरों, विद्यालयों, कार्यालयों, खेतों तथा सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और बेहतर जीवन का आधार बनेगा। प्रभारी स्टेशन मास्टर एच. एस. राणा ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी का अमूल्य धन हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें सुरक्षित रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन, हरियाली बढ़ाने और “एक पेड़–एक जिम्मेदारी” के संकल्प को जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ ली। पूरे आयोजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का उत्साह देखने को मिला और समिति ने भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियान निरंतर चलाने का संकल्प व्यक्त किया।
