शहीद उधम सिंह के शहादत दिवस पर श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने सिडकुल में माइक्रोमैक्स (भगवती) प्रोडक्ट कंपनी के गेट पर चल रहे धरनास्थल पर श्रद्धांजलि दिवस मनाते हुए शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान हुई सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शहीद उधम सिंह ने जालियाबाग वाले नरसंहार के लिए जिम्मेदार ब्रिटिश अधिकारी माइकल ओ-डायर को इंग्लैंड जाकर गोली मारी। शहीद उधम सिंह से मुकदमे के दौरान जब ब्रिटिश कोर्ट ने उनका नाम पूछा तो उन्होंने अपना नाम राम मोहम्मद सिंह आजाद बताया। जो कि इस बात को स्पष्ट करता है कि शहीद उधम सिंह धार्मिक एकता के बहुत बड़े नायक थे। वे जानते थे कि आजादी के आंदोलन को अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति इशारे पर कैसे विफल करने की कोशिश अंग्रेजी हुकूमत द्वारा की जा रही है।
वक्ताओं ने कहा कि फूट डालो और राज करो की नीति को उस समय संघ परिवार का समर्थन था और आज वही संघ परिवार और भाजपा सत्ता में बैठकर आमजन को धर्म, जाति में बांटकर अंबानी–अदानी जैसे पूंजीपतियों की सेवा कर रही है और मेहनतकश वर्ग को गुलामी की ओर धकेल रही है। जिसका ताजा उदाहरण माइक्रोमैक्स(भगवती) कंपनी के मजदूर हैं। जिन्हें अवैध ले–ऑफ के कारण 1 महीने से गर्मी, बरसात झेलते हुए कंपनी गेट पर धरने पर बैठने को मजबूर होना पड़ा है।
वक्ताओं ने कहा कि उधम सिंह हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन और गदर पार्टी से जुड़े थे। जो कि वामपंथी संगठन थे। उनके लिए आजादी का मतलब सिर्फ गोरे अंग्रेजों से मुक्ति नहीं थी। बल्कि आजादी का मतलब हर तरह के भेदभाव व शोषण से मुक्ति और मेहनतकश वर्ग के राज की स्थापना है।
वक्ताओं ने कहा कि आज शहीद उधम सिंह को याद करने का सीधा मतलब है कि हमें पूंजीवादी शोषण से और फासीवादी जुल्म–अत्याचार से मुक्ति की लड़ाई को शहीद उधम सिंह के जज्बे और बहादुरी से लड़ना होगा।
सभा में मांग की गई कि माइक्रोमैक्स कंपनी के मजदूरों की मांगे तुरंत मानी जाएं और अवैध ले–ऑफ खत्म किया जाए।
सभा का संचालन मोर्चा अध्यक्ष दिनेश तिवारी ने किया। सभा को इंटरार्क मजदूर संगठन के नेता सौरभ, भाकपा(माले) जिला सचिव ललित मटियाली, भगवती एम्पलाईज यूनियन से नंदन सिंह, इंकलाबी मजदूर केंद्र से कैलाश भट्ट, दिनेश भट्ट, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन से शिवदेव सिंह, एक्टू से अनीता अन्ना, बजाज मोटर्स से हरीश राठौर, एडविक कर्मचारी संगठन से राजू सिंह, ऐरा श्रमिक संगठन से उपेंद्र राय , सी.एस.टी.यू. से महेंद्र सिंह,राने मद्रास एम्पलाइज यूनियन से कमल सिंह,करोलिया लाइटिंग यूनियन से हरेंद्र सिंह, नीरजेश यादव, आनंद कुमार गुप्ता, विकल कुमार, धीरज जोशी, कमलेश सिंह, जगदीश सिंह, ठाकुर सिंह, हेम जोशी ,लोकेश पाठक,शिव नारायण, सुरेंद्र प्रसाद राकेश कुमार बिमलेश पांडे आदि श्रमिक उपस्थित रहे।

