‘
- परिवार के साथ देखी फिल्म, बोले-सनातन संस्कृति और हनुमान भक्ति की सुंदर प्रस्तुति मन को छू गई
रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने अपने परिवार एवं बच्चों के साथ धार्मिक एवं आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म में बाबा नीम करौली महाराज की भक्ति, भगवान श्री हनुमान जी के प्रति अटूट आस्था और उनसे जुड़े चमत्कारों एवं आध्यात्मिक प्रसंगों की प्रस्तुति देखकर महापौर भाव-विभोर हो गए। उन्होंने फिल्म को सनातन संस्कृति, आस्था और भक्ति का प्रभावशाली चित्रण बताया।
फिल्म देखने के बाद महापौर विकास शर्मा ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ केवल मनोरंजन तक सीमित फिल्म नहीं है, बल्कि यह भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति के मूल्यों से जोड़ने का भी सुंदर प्रयास है। फिल्म में भगवान श्री हनुमान जी के प्रति श्रद्धा और बाबा नीम करौली महाराज की भक्ति को जिस भावपूर्ण तरीके से पर्दे पर प्रस्तुत किया गया है, वह मन को छू जाता है।
महापौर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में भगवान श्री हनुमान जी शक्ति, भक्ति, सेवा और समर्पण के प्रतीक हैं। उनके जीवन और आदर्शों से प्रत्येक व्यक्ति को निःस्वार्थ सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और कठिन परिस्थितियों में भी अडिग रहने की प्रेरणा मिलती है। फिल्म में इन भावों को आधुनिक सिनेमाई माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में ऐसी फिल्मों का निर्माण विशेष महत्व रखता है, जो मनोरंजन के साथ-साथ हमारी युवा पीढ़ी और बच्चों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और धार्मिक मूल्यों से परिचित कराएं। परिवार के साथ इस फिल्म को देखना उनके लिए सुखद और भावपूर्ण अनुभव रहा।
महापौर विकास शर्मा ने ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक, कलाकारों एवं फिल्म निर्माण से जुड़ी पूरी टीम को इस शानदार प्रयास के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति और आस्था के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले ऐसे प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय हैं।
