Spread the love

रूद्रपुर – जनपद में 01 सितम्बर से आयोजित होने वाले खेल महाकुम्भ-2026 के अन्तर्गत सफलतापूर्वक खेल प्रतियोगिताएं आयोजन की तैयारियों के सम्बन्ध में परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन में बैठक आयोजित हुई। पीडी ने कहा कि न्याय पंचायत, विधानसभा स्तर व संसदीय क्षेत्र स्तर के सभी संयोजक खेल समितियों के साथ शीघ्र बैठक कर खेल मैदान चिन्हित करते हुए तिथिवार रोस्टर बनाकर सभी खेल मैदानों में सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाये। उन्होने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिये कि वे तिथिवार खेल मैदानों में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायेगें।
पीडी श्री जोशी ने सभी स्तर पर गठित खेल समितियों को निर्धारित समयानुसार खेलों का आयोजन कराने के निर्देश दिये। उन्होने कहा सभी स्तरों पर खेल प्रतियोगिता के दिवसों पर जनप्रतिनिधियों का अवश्य आमंत्रित किया जाये। उन्होने खेल महाकुम्भ का मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारियों को प्रार्थना सभाओं, पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया आदि के माध्यमों से प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिये ताकि अधिक से अधिक बच्चें विभिन्न आयु वर्ग के खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर सकें। उन्होने सम्बन्धितो को पूर्ण व्यवस्थाओं के साथ ही पर्याप्त तकनीकि स्टाफ, निर्णायको की तैनाती करने के साथ ही पारदर्शिता से निष्पक्ष खेल प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिये। उन्होने अधिक से अधिक बच्चों का पंजीकरण कराकर प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराने के निर्देश दिये।
जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत ने बताया कि युवा कल्याण एवं प्रा.र.दल विभाग द्वारा खेल, शिक्षा विभाग के सहयोग से खेल महाकुम्भ-2026 का आयोजन किया जा रहा है इसका मुख्य उद्देश्य राज्य में खेलों का वातावरण सृजित करने, युवाओ एवं दिव्यांगों को खेलों के प्रति आकर्षण पैदा करने, राज्य में खेलों का माहौल तैयार करने, प्रतिभा खिलाड़ियों को चिन्हित करने, राज्य के युवाओं को प्ले ग्राउंड संस्कृति की ओर आकर्षित करने के साथ ही न्याय पंचायत, विधानसभा, सांसद क्षेत्र एवं राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप की प्रतियोगिता के दौरान अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना खेल महाकुम्भ का उद्देश्य है।
जिला युवा कल्याण अधिकारी बताया कि खेल महाकुम्भ में उत्तराखण्ड राज्य का स्थाई निवासी खिलाड़ी द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा। उन्होने बताया कि खेल महाकुम्भ में तीनों स्तरो पर अंडर-14 में 11 से 14 वर्ष व अंडर-19 में 15 से 19 आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेगें जबकि दिव्यांग वर्ग ओपन प्रतियोगिता आयोजित होगी। उन्होने ने बताया कि खेल महाकुम्भ में न्याय पंचायत स्तर पर 04 खेल कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट व विधानसभा क्षेत्र विधायक चैम्पियनशिप ट्राॅफी में 06 खेल आयोजित होगंे जिसमे कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, बाॅलीवाल, पिट्टू प्रतियोगिता आयोजित होगें तथा संसदीय क्षेत्र सांसद चैम्पियनशिप ट्राॅफी में 11 खेल कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, बाॅलीवाल, पिट्टू, मलखम्ब, रस्सा कसी, कंचा, फुटवाल, बैडमिंटन प्रतियोगिताए आयोजित होगें। उन्होने कहा कि विजेताओं को मेडल, प्रमाण पत्र के साथ ही नकद पुरस्कार डीबीटी के माध्यम से दिया जायेगा। उन्होने बताया कि खिलाड़ियों का पंजीकरण आॅन लाईन के माध्यम से किया जा रहा है।बैठक में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी हिमांशु कुमार, दिलशाद, मुकेश गौड़, अमित कुमार सिंह, नवीन चन्द्रा, खेल समन्वयक आदि उपस्थित थे व सभी खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, निकाय अधिकारी आदि वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।

You cannot copy content of this page