Spread the love

  • महापौर विकास शर्मा ने यात्रियों को दी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं

रुद्रपुर। देवाधिदेव महादेव के पावन धाम कैलाश मानसरोवर यात्रा पर प्रस्थान करने वाले श्रद्धालुओं के सातवें दल का मंगलवार को रुद्रपुर पहुंचने पर स्थानीय आर्क होटल में भव्य एवं श्रद्धाभावपूर्ण स्वागत किया गया। महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में श्री अमरनाथ जी सेवा मण्डल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्प वर्षा, फूल-मालाओं तथा ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के बीच सभी शिवभक्त यात्रियों का अभिनंदन किया। पूरा वातावरण शिवमय हो उठा और श्रद्धा, आस्था तथा उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

स्वागत समारोह में महापौर विकास शर्मा ने सभी तीर्थयात्रियों को पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षित यात्रा और सफल दर्शन की कामना करते हुए भगवान शिव से प्रार्थना की। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मिक जागरण, तप, त्याग, धैर्य और अटूट श्रद्धा का अद्वितीय संगम है। करोड़ों शिवभक्तों का सपना होता है कि उन्हें जीवन में एक बार भगवान शिव के पवित्र धाम कैलाश पर्वत और मानसरोवर के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो। यह यात्रा व्यक्ति को आध्यात्मिक रूप से समृद्ध करती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास तथा ईश्वर के प्रति अटूट आस्था का संचार करती है।

उन्होंने कहा कि कैलाश पर्वत भगवान भोलेनाथ का दिव्य निवास माना जाता है यह यात्रा सनातन संस्कृति की आस्था का प्रतीक है। इतनी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मार्ग के बावजूद श्रद्धालुओं का अटूट विश्वास ही उन्हें इस दिव्य यात्रा के लिए प्रेरित करता है। यह श्रद्धा ही सनातन संस्कृति की सबसे बड़ी शक्ति है।

महापौर ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि रुद्रपुर की पावन धरती पर कैलाश मानसरोवर के श्रद्धालुओं के स्वागत एवं अभिनंदन का अवसर प्राप्त हुआ। यह केवल स्वागत का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने का एक पावन अवसर है। नगर की ओर से सभी शिवभक्तों का अभिनंदन करना हमारे लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है।

उन्होंने आगे कहा कि भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे। सभी यात्री सुरक्षित एवं सकुशल कैलाश मानसरोवर के दिव्य दर्शन कर आध्यात्मिक ऊर्जा, नई प्रेरणा और शिव कृपा का आशीर्वाद लेकर अपने-अपने घर लौटें। बाबा भोलेनाथ सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करें तथा उनके जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद प्रदान करें।

इस अवसर पर श्री अमरनाथ जी सेवा मण्डल के अध्यक्ष अजय चड्ढा, संस्थापक सुनील ठुकराल के साथ ही कैलाशी कमलेश पटेल, कैलाशी अजय हिंदुस्तानी, कैलाशी हंसराज गोयल, कैलाशी दिनेश गुप्ता, कैलाशी मनीष कुमार तथा कैलाशी संजय गुप्ता समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page