Spread the love



हल्द्वानी। वेटेरन सिग्नलर्स वेलफेयर एसोसिएशन (VSWA), उत्तराखंड द्वारा अपने प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर 13 अप्रैल 2026 को INTOWN लाउंज, हल्द्वानी में एक गरिमामय एवं सफल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन की बहुप्रतीक्षित ई-बुक “Signals Connect” का विधिवत लोकार्पण राज्य अध्यक्ष कर्नल जगत सिंह जंतवाल (सेवानिवृत्त) द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में VSWA के सदस्य, वरिष्ठ पूर्व सैनिक, गणमान्य अतिथि एवं समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सभी उपस्थित सदस्यों ने VSWA के उद्देश्यों एवं उत्तराखंड राज्य के समग्र विकास हेतु समर्पित होकर कार्य करने की शपथ ली।
“Signals Connect” ई-बुक को VSWA की दूरदर्शी सोच, संगठनात्मक प्रतिबद्धता एवं भविष्य की कार्ययोजना का सशक्त दस्तावेज बताया गया। इस ई-बुक में पूर्व सैनिकों के सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व, एक सशक्त समाज के निर्माण तथा पारदर्शी एवं विकासोन्मुख शासन में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष बल दिया गया है।
इस अवसर पर राज्य अध्यक्ष कर्नल जगत सिंह जंतवाल (सेवानिवृत्त) ने ई-बुक की संपादकीय टीम—महेश भट्ट, राजेश महतोलिया एवं पुष्कर मेहरा—को उनके उत्कृष्ट प्रयासों एवं समर्पण के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने ई-बुक के सफल प्रकाशन में योगदान देने वाले रणजीत मेहता, अर्जुन परिहार, ए.के. पांडेय, अर्जुन सिंह भंडारी, डिगर सिंह, दीपक पंत, जितेन्द्र मेहरा, नवीन चंदोला, नारायण जोशी सहित सभी VSWA सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह ई-बुक केवल विचारों का संकलन नहीं, बल्कि एक कार्य-आधारित दृष्टिकोण (Action-Oriented Vision) का प्रतीक है, जो उत्तराखंड को एक आदर्श, आत्मनिर्भर एवं प्रगतिशील राज्य बनाने की दिशा में मार्गदर्शक सिद्ध होगा ।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में VSWA के उद्देश्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा संगठन को सशक्त बनाने एवं राज्यहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page