सितारगंज के निकट स्थित धार्मिक नगरी नानकमत्ता में दीपावली के अवसर पर 15 दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगत गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेकने पहुंच रही है। पूरे क्षेत्र में मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है इस दौरान गुरुद्वारा कमेटी के प्रबंधक बाबा रणजीत सिंह ने बताया कि यह मेला दीपावली से शुरू होकर लगातार 15 दिनों तक चलता है। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों और दूर-दराज के क्षेत्रों से करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं उन्होंने बताया कि नानकमत्ता साहिब में सच्चे मन से अरदास करने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और लोगों की गहरी आस्था इस धार्मिक स्थल से जुड़ी हुई है उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा कमेटी की ओर से मेले में आने वाली संगत के लिए भोजन और ठहरने की बेहतर व्यवस्था की गई है। वहीं स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पूरा सहयोग कर रहा है यह मेला बंदी छोड़ दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। मेले में चाय-पकौड़ी, झूले और विभिन्न प्रकार की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। यहां घरेलू उपयोग का सामान भी उचित दामों पर उपलब्ध कराया जा रहा है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु धार्मिक दर्शन के साथ-साथ मेले में खरीदारी कर अपने घरों के लिए जरूरी सामान भी लेकर जा रहे हैं धार्मिक आस्था, सेवा और परंपरा का संगम बना नानकमत्ता का यह 15 दिवसीय मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को भी विशेष रूप से दर्शा रहा है।