गदरपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गदरपुर पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो स्कॉर्पियो वाहन तथा अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 को सहजपाल सिंह पुत्र गुरपाल सिंह निवासी ग्राम बेरिया दौलत, थाना केलाखेड़ा ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया था कि जुलाई माह में बाजपुर क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट की पुरानी रंजिश के चलते 26 जुलाई की शाम करीब 5:50 बजे सरदार नगर अंडरपास कट के पास नामजद आरोपियों ने उस पर और उसके साथियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। फायरिंग में उसके मित्र गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लगी, जबकि सहजपाल सिंह और उसके साथी सौरभ बाबा के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया।
इस मामले में कोतवाली गदरपुर में एफआईआर संख्या 215/2026 धारा 109(1), 191(3), 115(2), 351(3), 352 एवं 126(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर, पुलिस अधीक्षक अपराध रुद्रपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से 3 अगस्त 2026 को हरिपुरा जलाशय के पास गुलरभोज क्षेत्र से चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर सिंह विर्क निवासी मुकंदपुर डेरा, आकाशदीप सिंह निवासी सरोवर नगर, प्रशांत सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी निवासी वार्ड नंबर-2 गदरपुर तथा सौरभ कुमार निवासी शिवपुरी, थाना केलाखेड़ा के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध पिस्टल, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, स्कॉर्पियो वाहन संख्या यूके06 बीजे-5050 तथा एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस तथा 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस टीम मेंकार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा,उपनिरीक्षक संजय सिंह बोरा, कांस्टेबल मोहन भट्ट, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल मोहन सिंह बोरा सहित गदरपुर कोतवाली के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
