Spread the love

रुद्रपुर। माननीय आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के आदेशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
इसी क्रम में 05 सितंबर 2026 को क्षेत्र-01 रुद्रपुर एवं जनपदीय प्रवर्तन दल ऊधम सिंह नगर की आबकारी टीम ने प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की। टीम ने क्षेत्र-01 रुद्रपुर के अंतर्गत ग्राम अमरपुर में नाले के किनारे अवैध रूप से संचालित शराब की भट्टी पकड़ी। मौके पर जलती हुई भट्टी को ध्वस्त किया गया तथा करीब 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके साथ ही मौके पर लगभग 3,000 लीटर लहन नष्ट किया गया।
इसके बाद क्षेत्र-01 रुद्रपुर की टीम ने मकान नंबर-15, शांति कॉलोनी, बधाईपुरा, थाना रुद्रपुर में कार्रवाई की। यहां गुरमेज सिंह पुत्र हरवंस सिंह के कब्जे से एक कट्टे में रखे 60 पाउच, प्रत्येक की धारिता 500 मिलीलीटर, बरामद किए गए। पाउचों में कुल 30 लीटर अवैध कच्ची शराब पाई गई।
आबकारी विभाग ने दोनों मामलों में संबंधित अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र-01 रुद्रपुर एवं जनपदीय प्रवर्तन दल ऊधम सिंह नगर का आबकारी स्टाफ मौजूद रहा। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page