Spread the love

रुद्रपुर। मनोज सरकार स्टेडियम, रुद्रपुर में आयोजित 21वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप के तीसरे एवं चौथे दिन फॉइल स्पर्धाओं के मुकाबले रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहे। देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने कैडेट मेन्स एवं वुमेन्स फॉइल सिंगल्स और टीम इवेंट्स में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

फॉइल स्पर्धाओं के पदक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री पंकज उपाध्याय, पीसीएस, अपर जिलाधिकारी, ऊधम सिंह नगर उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री भूपेंद्र सहगल, उत्तराखंड कंसल्टेटिव कमेटी सदस्य, एफसीआई, खाद्य आपूर्ति एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार मौजूद रहे अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कैडेट वुमेन्स फॉइल व्यक्तिगत स्पर्धा में महाराष्ट्र की जीजाऊ पाटिल ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। चंडीगढ़ की जिया शर्मा ने रजत पदक हासिल किया, जबकि चंडीगढ़ की हितैशी हितैशी एवं रूबी चमोली ने कांस्य पदक अपने नाम किए।

वहीं कैडेट मेन्स फॉइल व्यक्तिगत स्पर्धा में हरियाणा के विवेक कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। एफएआई के मेयाश महलान ने रजत पदक हासिल किया, जबकि हरियाणा के युवराज सैनी एवं मणिपुर के लामयानबा कोनसम ने कांस्य पदक प्राप्त किए।

टीम स्पर्धाओं में कैडेट टीम वुमेन्स फॉइल वर्ग में चंडीगढ़ की टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरियाणा की टीम उपविजेता रही। मणिपुर एवं महाराष्ट्र की टीमों ने कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं कैडेट टीम मेन्स फॉइल वर्ग में हरियाणा की टीम ने स्वर्ण पदक जीता, एफएआई की टीम ने रजत पदक हासिल किया, जबकि उत्तर प्रदेश एवं मणिपुर की टीमों ने कांस्य पदक अपने नाम किए।

इस अवसर पर श्री पंकज उपाध्याय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं और उन्हें भविष्य में देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करती हैं।

श्री भूपेंद्र सहगल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से युवा पीढ़ी में सकारात्मक ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। राष्ट्रीय स्तर की this प्रतियोगिता के सफल आयोजन से रुद्रपुर एक बार फिर खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

You cannot copy content of this page