Spread the love

हल्द्वानी। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद नैनीताल में 9 जुलाई 2026 के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावित खराब मौसम और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में जनपद के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने और अप्रिय घटनाएं होने की संभावना है।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए 9 जुलाई 2026 (गुरुवार) को जनपद नैनीताल के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित संस्थान अथवा अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page