Spread the love


रुद्रपुर, 7 अगस्त 2026। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में आज डी.पी.एस.आर मॉडल यूनाइटेड नेशंस 2026 (MUN 2.0) के भव्य आयोजन के संबंध में एक प्रेस वार्ता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष 8 एवं 9 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले दो-दिवसीय सम्मेलन की रूपरेखा, उद्देश्य, प्रतिभागी विद्यालयों, विशिष्ट अतिथियों तथा आयोजन की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी साझा की।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस वर्ष आयोजित होने वाले सम्मेलन में 25 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 700 से अधिक विद्यार्थी प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, कूटनीतिक सोच, सार्वजनिक भाषण-कला, तार्किक एवं आलोचनात्मक चिंतन, नीति-निर्माण की समझ तथा वैश्विक दृष्टिकोण का विकास करना है। यह मंच विद्यार्थियों को समसामयिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श, संवाद, कूटनीति एवं समाधान प्रस्तुत करने का व्यावहारिक अवसर प्रदान करेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान सम्मेलन में भाग लेने वाले विद्यार्थी प्रतिनिधियों ने विभिन्न समितियों एवं उनके एजेंडों का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि RUDRA–USN Urban Planning & Development Council में उधम सिंह नगर के एकीकृत एवं सतत नगर नियोजन, शहरी भीड़भाड़ को कम करने, स्वच्छता अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा अवैध अतिक्रमण पर नियंत्रण जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। सत्युग समिति एक विशेष क्राइसिस सिमुलेशन समिति होगी, जिसमें दैवीय शक्तियों (वरदान एवं श्राप) के दुरुपयोग को रोकने हेतु नियमों एवं व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी। शार्क टैंक में विद्यार्थी वास्तविक समस्याओं के समाधान हेतु नवाचारी स्टार्टअप विचार प्रस्तुत करेंगे, जबकि मूट कोर्ट में साइबर अपराध एवं डिजिटल गोपनीयता से जुड़े एक आपराधिक प्रकरण का न्यायिक सिमुलेशन आयोजित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (Double Delegation) में परमाणु प्रसार एवं वैश्विक निरस्त्रीकरण, अखिल भारतीय राजनीतिक दल बैठक (AIPPM) में परिसीमन के राजनीतिक प्रतिनिधित्व तथा महिला आरक्षण अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा होगी। सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC), विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), यूनिसेफ (UNICEF), विश्व व्यापार संगठन (WTO), महिला सशक्तिकरण आयोग सहित अनेक महत्वपूर्ण समितियाँ भी समकालीन वैश्विक एवं राष्ट्रीय विषयों पर विचार-विमर्श करेंगी।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने सम्मेलन में इस वर्ष जोड़ी गई नई पहलों एवं नवाचारों (New Offerings) की जानकारी साझा करते हुए कहा कि डी.पी.एस.आर मॉडल यूनाइटेड नेशंस 2026 विद्यार्थियों को केवल वैश्विक मुद्दों पर चर्चा का मंच ही नहीं, बल्कि नेतृत्व, नवाचार, नीति-निर्माण, उद्यमिता, न्यायिक प्रक्रिया एवं वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान पर कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय निरंतर ऐसे अभिनव शैक्षणिक मंच विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो विद्यार्थियों को भविष्य का सक्षम, संवेदनशील एवं जिम्मेदार वैश्विक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें।

विद्यालय ने जानकारी दी कि सम्मेलन के मुख्य अतिथि श्री चिनू क्वात्रा, जो सामाजिक प्रभाव के अग्रणी, पर्यावरण संरक्षण समर्थक एवं संयुक्त राष्ट्र एशिया प्रतिनिधि हैं, विद्यार्थियों को नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं वैश्विक सहभागिता के विषय में प्रेरित करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. साहिल सिंह, जो आईआईएमएसएएम में सामरिक साझेदारी एवं संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के राजदूत तथा संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ECOSOC) से संबद्ध हैं, विद्यार्थियों को वैश्विक नीति-निर्माण, सतत विकास एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग के विभिन्न आयामों से परिचित कराएंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने सम्मेलन की अवधारणा, विभिन्न समितियों, एजेंडा, कार्यप्रणाली, प्रतिभागियों की तैयारी, वैश्विक एवं समसामयिक विषयों के चयन तथा मॉडल यूनाइटेड नेशंस की उपयोगिता से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे। इन सभी प्रश्नों के उत्तर सम्मेलन में भाग लेने वाले विद्यार्थी प्रतिनिधियों ने अत्यंत आत्मविश्वास, तार्किकता एवं प्रभावशाली ढंग से दिए। विद्यार्थियों की विषय पर गहन समझ, उत्कृष्ट संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं वैश्विक दृष्टिकोण ने उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों को विशेष रूप से प्रभावित किया। मीडिया प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की तैयारी एवं प्रस्तुतीकरण की सराहना करते हुए इस पहल को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व निर्माण की दिशा में एक उत्कृष्ट प्रयास बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के उपाध्यक्ष श्री हरमन सिंह ग्रोवर तथा प्रधानाचार्य श्री चेतन चौहान भी उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी मीडिया संस्थानों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी 8 एवं 9 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले डी.पी.एस.आर मॉडल यूनाइटेड नेशंस 2026 (MUN 2.0) के सफल आयोजन हेतु सहयोग एवं सकारात्मक सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की।

You cannot copy content of this page