गदरपुर। सरदार नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई फायरिंग और मारपीट की सनसनीखेज घटना में गदरपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर 6 नामजद लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बेरिया दौलत निवासी सहजपाल सिंह ने बताया कि 26 जुलाई की शाम वह अपने मित्र गुरशरण उप्पल उर्फ गगन और सौरभ बाबा के साथ रुद्रपुर से लौट रहा था। आरोप है कि सरदार नगर के पास पुरानी रंजिश के चलते सौरभ पुत्र नेकराम अपने साथियों के साथ तीन वाहनों में सवार होकर उनकी कार को घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अवैध हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
तहरीर के अनुसार, जान बचाने के लिए तीनों अलग-अलग दिशाओं में भागे। आरोप है कि गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लगी, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। वहीं, शिकायतकर्ता ने अपनी कार से भागने का प्रयास किया तो पीछा करते हुए फायरिंग की गई, जिससे उसकी कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। उसने पानी में छिपकर अपनी जान बचाई।
घटना में घायल गुरशरण उप्पल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रुद्रपुर और बाद में सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने सहजपाल सिंह की तहरीर के आधार पर सौरभ, अराज सिद्धू, मंदीप नरवाल, प्रशांत उर्फ मनी उर्फ पिद्दी, आकाशदीप, राजवीर विर्क के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


