Spread the love

सितारगंज:(अश्वनी दीक्षित)थाना सितारगंज क्षेत्र में दर्ज बेहद गंभीर पोक्सो मामले में फरार चल रहे शातिर अभियुक्त को आखिरकार पुलिस ने सैकड़ों किलोमीटर दूर तमिलनाडु के कोयम्बटूर से गिरफ्तार कर सनसनीखेज खुलासा किया है। कोतवाली सितारगंज में बीती 19 फरवरी 2026 को दर्ज एफआईआर संख्या 71/2026 धारा 65(2)/351(3) बीएनएस व 5/6 पोक्सो एक्ट के तहत नामजद अभियुक्त गोपाल भट्टाचार्य पुत्र सुब्रत भट्टाचार्य निवासी टैगोरनगर शक्तिफार्म घटना को अंजाम देने के बाद लगातार फरार होकर पुलिस को चुनौती दे रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बार-बार ठिकाने बदल रहा था, जिसके चलते पुलिस के लिए उसे पकड़ना बड़ी चुनौती बन गया था। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए, जिसके बाद सितारगंज पुलिस ने सर्विलांस, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र का सहारा लेते हुए दिन-रात मेहनत कर अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 10 अप्रैल 2026 को कोयम्बटूर के अलंदुरई क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक कैलाश देव और महिला उपनिरीक्षक बबीता (विवेचक) की अहम भूमिका रही, जिनकी सतर्कता, सूझबूझ और तकनीकी दक्षता के चलते यह बड़ी सफलता हासिल हुई। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।

You cannot copy content of this page