जसपुर और ट्रांजिट कैम्प पुलिस की अलग-अलग कार्रवाइयों में सफलता, एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर नशा कारोबार पर कड़ा शिकंजा
ऊधमसिंह नगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जनपद पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से साढ़े आठ लाख रुपये से अधिक कीमत की स्मैक बरामद की है।
पहली कार्रवाई कोतवाली जसपुर पुलिस ने की। पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के निर्देशन में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने दो अलग-अलग मामलों में दो तस्करों को पकड़ा। पुलिस ने जयविन्दर कुमार निवासी मंडवाखेड़ा को 6.90 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरे आरोपी राजेन्द्र कुमार निवासी मोहल्ला नत्था सिंह को मोटरसाइकिल से स्मैक का परिवहन करते हुए 10.25 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया है।
दूसरी कार्रवाई कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने की। पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के निर्देशन में पुलिस टीम ने शिवनगर रोड पर एसबीआई एटीएम के सामने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से कुल 11.51 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित निवासी ठाकुरनगर, ट्रांजिट कैम्प के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

