खटीमा। माननीय आबकारी आयुक्त के आदेश एवं जिला आबकारी अधिकारी उधम सिंह नगर के निर्देश पर अवैध मादक द्रव्यों के निर्माण, बिक्री और भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्र-2 खटीमा आबकारी टीम ने वन विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की।संयुक्त टीम द्वारा आलावर्दी क्षेत्र के किलपुरा रेंज में नाले के किनारे संचालित अवैध शराब निर्माण स्थलों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर चल रही तीन अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। वहीं आसपास की तलाशी के दौरान लगभग 60 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।इसके अतिरिक्त मौके पर पाए गए लगभग 2000 किलोग्राम लहन को भी नष्ट कर दिया गया, जिससे अवैध शराब निर्माण की बड़ी गतिविधि को समय रहते रोक दिया गया।आबकारी निरीक्षक बृजेश जोशी ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा ऐसे स्थानों पर नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।आबकारी विभाग और वन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

