रिपोर्टर :-अश्वनी दीक्षित
खबर पड़ताल
सितारगंज। जनपद उधम सिंह नगर में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सितारगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध देशी शराब का परिवहन कर रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद उधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपद भर में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के कुशल पर्यवेक्षण में कोतवाली सितारगंज पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।पुलिस के अनुसार दिनांक 29 अगस्त 2026 की रात्रि को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के उद्देश्य से वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रसिया पुर मार्ग से हाईवे की ओर एक सिल्वर रंग की स्विफ्ट डिजायर कार आती दिखाई दी।पुलिस टीम ने टॉर्च की सहायता से वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर वाहन चालक कार को मोड़कर रसोईया फार्म की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा कर उसे रोक लिया।वाहन की तलाशी लेने पर कार से 6 प्लास्टिक के कट्टों में कुल 21 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब में कुल 945 पव्वे/ट्रेड पैक, प्रत्येक 200 एमएल बताए गए हैं। पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर वाहन को भी कब्जे में ले लिया।पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्री जावेद मलिक, उपनिरीक्षक श्री दीपक तिवारी, चौकी प्रभारी सरकंडा अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल संदीप सजवाण सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।सितारगंज पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है
