रूद्रपुर। लोक रचना समिति द्वारा विगत कई वर्षों की भांति इस वर्ष भी शहर में भव्य गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसी मंच से निकली प्रतिभाएं पूर्व में इंडियन आइडल जैसे राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शो तक पहुंचकर शहर का नाम रोशन कर चुकी हैं। इस वर्ष की प्रतियोगिता विख्यात गायिका स्व. आशा भौंसले को समर्पित की गई है। समिति के संयोजक केवल कृष्ण बतरा ने बताया कि प्रतियोगिता का ऑडीशन आगामी 4 मई को काशीपुर बाईपास रोड स्थित होटल अम्बर में प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होगा। प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में विभाजित किया गया है। ऑडीशन के माध्यम से प्रत्येक वर्ग से आठ-आठ प्रतिभावान प्रतिभागियों का चयन सेमीफाइनल राउंड के लिए किया जाएगा। इसके उपरांत सेमीफाइनल से पांच-पांच सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी फाइनल राउंड में अपनी जगह बनाएंगे। ऑडीशन के दौरान प्रतिभागियों को च्वाइस राउंड में वाद्य यंत्रों के साथ अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करना होगा। इसी राउंड के प्रदर्शन के आधार पर ही सेमीफाइनल के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न होगी। ऑडीशन में सफल होने वाले प्रतिभागियों के लिए सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला 18 मई सोमवार को काशीपुर बाईपास रोड स्थित होटल रूद्रा कॉन्टिनेंटल में आयोजित किया जाएगा।

