पूर्ण कार्यकाल बिना विवाद के व्यापारियों के सहयोग के साथ हुआ संपन्न-दीपक बेहड़

गदरपुर। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की गदरपुर इकाई का सफलतापूर्वक तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पद मुक्त होने की घोषणा कीं।इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़ द्वारा अपने कार्यकाल में किये गये सामाजिक एवं व्यापारी हित में किये गये कार्यो का उल्लेख भी किया। शुक्रवार को व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष राहुल अनेजा के प्रतिष्ठान पर पत्रकार वार्ता आयोजित की गयी। जिसमें व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़, महामंत्री संदीप चावला एवं कोषाध्यक्ष राहुल अनेजा द्वारा संयुक्त रुप से तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर अपने पदों से मुक्त होने व कार्यकाल समाप्त होने की घोषणा की गयी। वहीं व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राजकुमार भुड्डी द्वारा व्यापार मंडल के चुनाव होने तक व्यापार मंडल को पूर्व की भाॅति चलाने की संस्तुति की गयी। इस के उपरान्त व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़ द्वारा तीन वर्ष के कार्यकाल में सामाजिक कार्य एवं व्यापारी हित में किये गये कार्यो पर भी प्रकाश डाला गया जिसमें प्रमुख रुप से बाईपास के संघर्ष में लगातार साथ चलना और वायदे के अनुसार मुख्य मार्ग के दोनों ओर टाइल्स ऊंची कराई गयी। नगर पालिका के साथ मिलकर पानी के प्याऊ लगवाये गये। कोरोना काल में मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर व ऑक्सीमीटर कम लागत में उपलब्ध कराये गये। सभी व्यापारियों को साथ लेकर चले। उनके द्वारा व्यापारी हित में जीएसटी, ऊर्जा निगम एवं अन्य विवादों को निपटाया गया उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल में महिलाओं को सम्मान देने के साथ तीन महिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया । एक सवाल के जवाब में उन्होंने पॉलिथीन थर्माकोल एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं का प्रयोग न करने की अपील करते हुए पालिका प्रशासन का सहयोग देने का व्यापारियों से आह्वान किया। पर्यावरण संरक्षण से संबंधित सवाल पूछे जाने पर उनके द्वारा जवाब दिया गया कि नगर पालिका प्रशासन को मुख्य मार्ग के दोनों और दुकानों की साइड में वृहद वृक्षारोपण किये जाने का निवेदन किया गया था जिसके लिए व्यापार मंडल भी पूर्ण सहयोग करता,जिस संबंध में पालिका प्रशासन द्वारा अगले बजट में मुख्य मार्ग के दोनों ओर व्यापारियों और दुकानदारों की सहमति से पौधे लगाए जाने की बात कही थी जिस पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सभी व्यापारी का भी सहयोग देने एवं गदरपुर के मीडिया द्वारा भी समय-समय पर सहयोग देने पर आभार जताया और कहा वह आगे भी इसी प्रकार के सहयोग से सामाजिक एवं व्यापारी हित में कार्य करते रहेंगे।








