पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कोतवाली में प्रभारी कोतवाल का किया घेराव, दो दिन का दिया अल्टीमेटम

 

रुद्रपुर। इंदिरा कॉलोनी गली नंबर-5 में 22 नवंबर को पिता सुरेश प्रजापति द्वारा अपने ही पुत्र अनिल प्रजापति की कथित रूप से सब्बल से सिर पर वार कर हत्या किए जाने की घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिजनों एवं क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

 

आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों एवं दर्जनों क्षेत्रवासियों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कोतवाली रुद्रपुर पहुंचकर प्रभारी कोतवाल एसएसआई महेश कांडपाल का घेराव किया तथा उनसे भेंटवार्ता कर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग उठाई।

 

इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से दूरभाष पर वार्ता कर मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।

 

ठुकराल ने कहा कि अपने ही पुत्र की हत्या जैसी गंभीर घटना के बाद भी एक सप्ताह तक आरोपी की गिरफ्तारी न होना बेहद चिंताजनक है। पीड़ित परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि दो दिन के भीतर आरोपी पिता को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह परिजनों एवं क्षेत्रवासियों के साथ कोतवाली रुद्रपुर में धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

 

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

 

इस दौरान कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष एवं विधानसभा मीडिया अध्यक्ष सुनील चुघ, संजय आइस, ललित सिंह बिष्ट, केरू मंडल, लीलावती, कमला रानी, मुस्कान, विक्की, संजीव, राधे, श्याम, ध्यान सिंह, ओम कुमारी, अशोक, अमन, नेहा, शिवानी, हर्षित, अंजू, अनुज, रोहित, मयंक, माही, आरुषि, अजय सहित बड़ी संख्या में परिजन एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।