– पार्षद और वार्डवासियों की मांग पर महापौर विकास शर्मा ने की जीर्णाेद्धार की घोषणा

 

रुद्रपुर। शहर के वार्ड संख्या 16 स्थित बगवाड़ा के प्राचीन महाकाल मंदिर की सूरत जल्द बदलेगी। मंदिर के जीर्णाेद्धार और सौंदर्यीकरण के साथ यहां श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी। महापौर विकास शर्मा ने पार्षद प्रमोद शर्मा और वार्डवासियों की मांग पर मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर इसके जीर्णाेद्धार की घोषणा की। उन्होंने बताया कि मंदिर के कार्यों के लिए जल्द टेंडर जारी कर निर्माण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही बगवाड़ा गांव की मुख्य सड़क, भट्ठा क्षेत्र की सड़कों और तपस्या विहार स्थित मंदिर में टाइल्स लगाने सहित अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा।

 

महापौर विकास शर्मा निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों से रूबरू हुए और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान पार्षद प्रमोद शर्मा सहित स्थानीय लोगों ने प्राचीन महाकाल मंदिर की स्थिति से अवगत कराते हुए इसके जीर्णाेद्धार और सौंदर्यीकरण की मांग रखी। वार्डवासियों ने क्षेत्र की सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी महापौर के समक्ष उठाईं। महापौर ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।

 

महापौर ने कहा कि बगवाड़ा का प्राचीन महाकाल मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। स्थानीय लोगों की इस मंदिर से गहरी आस्था जुड़ी हुई है और श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर का जीर्णाेद्धार कर इसे बेहतर स्वरूप देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मंदिर का सौंदर्यीकरण इस तरह कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालु यहां सुविधाजनक तरीके से पूजा-पाठ कर सकें। हाईवे के किनारे स्थित इस प्राचीन मंदिर का व्यवस्थित विकास क्षेत्र की धार्मिक पहचान को भी और मजबूत करेगा।

 

महापौर ने बताया कि बगवाड़ा गांव की मुख्य सड़क के निर्माण की मांग भी पार्षद प्रमोद शर्मा ने रखी है। इसके अलावा भट्ठा क्षेत्र की कुछ सड़कों का निर्माण कराया जाना है। तपस्या विहार स्थित मंदिर में टाइल्स लगाने का कार्य भी कराया जाएगा। इन कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 

क्षेत्र में बिजली के खंभों से जुड़ी समस्याओं पर भी महापौर ने संबंधित विभाग से बातचीत की। उन्होंने बताया कि जो बिजली के खंभे टेढ़े हो गए हैं, उन्हें सीधा कराया जाएगा और जिन स्थानों पर खंभे नहीं हैं, वहां नए खंभे लगवाने की व्यवस्था की जाएगी। महापौर ने कहा कि वार्ड की समस्याओं का समाधान कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा ।।

 

इस दौरान वार्ड नंबर 16 पार्षद श्री प्रमोद शर्मा जी, परमहंस, रंजीत सिंह, राजेश साहनी, शिव कुमार , लखविंदर साहनी, प्रदीप मेहता, अमरीक सिंह, अनरजीत यादव, संजीत यादव, सुदामा प्रसाद, श्याम सिंह, भगवान सिंह, सुरेश साहनी आदि उपस्थित रहे ।