रूद्रपुर । इण्डेन गैस एजेंसी में लोगों को सिलेंडर हासिल करने में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरूवार को भी सैकड़ों उपभोक्ता सिलेंडर लेकर एजेंसी में लाईन में लगे रहे। जहां उन्होंने जमकर हंगामा काटा। घरेलू गैस उपभोक्ताओं को पिछले कई दिनों से ऑन लाईन बुकिंग कराने के बाद भी सिलेंडर न मिलने के विरोध में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने इण्डेन गैस एजेंसी कार्यालय में धरना शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि एजेंसी प्रबंधक व ठेकेदार की मिलीभगत से रोस्टर के अनुसार सिलेंडर वितरित न कर मनमाने तरीके से वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता जिनमें भारी संख्या में महिलायें भी शामिल हैं अपना सारा घरेलू काम व बच्चों को छोड़कर सिलेंडर के लिए भटक रही है। जो दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने एजेंसी प्रबंधक को साफ लहजे में कहा कि जब तक गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था सही नहीं की जायेगी वह यहां से नहीं उठेंगे। एजेंसी प्रबंधक ने कहा कि यदि कोई रिक्शे वाला अपने रूट से हटकर दूसरे रूट पर गया है तो इसकी जांच कराई जायेगी। उन्होंने बताया कि दूसरे शनिवार व रविवार दो दिन के अवकाश के कारण व्यवस्थाओं में व्यवधान पैदा हुआ था। अब व्यवस्थायें धीरे धीरे पटरी पर आ रही है। उनका कहना था कि उपभोक्ताओं को उनके घरों में ही सिलेंडर पहुंचाये जायेंगे। इस दौरान वहां मौजूद भारी संख्या में उपभोक्ताओं ने एजेंसी प्रबंधक और ठेकेदार को जमकर खरी खोटी सुनाई।

