रुद्रपुर। उत्तराखंड कांग्रेस में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई जब प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नाम से सोशल मीडिया पर एक कथित फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर बंगाली समुदाय को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल कर दी गई। इस पूरे प्रकरण को लेकर पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजकुमार ठुकराल एवं पूर्व विधायक नारायण पाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसे साजिश करार दिया और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।रुद्रपुर में आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता में राजकुमार ठुकराल एवं पूर्व विधायक नारायण पाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से यह फर्जी आईडी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि “Ganesh Godiyal-Voice of Uttarakhand” नाम से बनाई गई फेसबुक आईडी पूरी तरह फर्जी है और इसके माध्यम से समाज में भ्रम और वैमनस्य फैलाने की कोशिश की गई है।ठुकराल ने बताया कि इस फर्जी आईडी से की गई पोस्ट में बंगाली समुदाय के खिलाफ भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सभी वर्गों और समुदायों के सम्मान की बात करती है, ऐसे में इस प्रकार की हरकतें निंदनीय हैं और इसके पीछे छिपे लोगों का खुलासा होना जरूरी है।पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल एवं पूर्व विधायक नारायण पाल ने कहा कि स्वयं गणेश गोदियाल ने इस पोस्ट का खंडन करते हुए साफ कर दिया है कि उन्होंने इस तरह की कोई पोस्ट नहीं की है। इसके बावजूद उनके नाम का दुरुपयोग कर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची गई है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए विपक्षी दल घबराए हुए हैं और इसी कारण इस तरह की साजिशों को अंजाम दिया जा रहा है। ठुकराल ने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा द्वारा यह पूरा षड्यंत्र रचा गया है ताकि कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम किया जा सके और समाज में भ्रम की स्थिति पैदा हो।
इस मौके पर पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन और रुद्रपुर कांग्रेस नगर अध्यक्ष ममता रानी ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि यह केवल एक व्यक्ति विशेष के खिलाफ साजिश नहीं, बल्कि पूरे बंगाली समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
राजकुमार ठुकराल ने बताया कि इस संबंध में उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा गया है, जिसमें निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को चाहिए कि वह इस मामले की गंभीरता को समझते हुए जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे।अंत में ठुकराल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस तरह की नकारात्मक राजनीति का डटकर मुकाबला करेगी और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी, पूर्व विधायक कांग्रेस नेता नारायण पाल, पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, ममता हालदार, योगेश चौहान, विकास मल्लिक, उमा सरकार, बाबू विश्वकर्मा, सतीश कुमार, विकास बंसल, संजीव गुप्ता, सुनील चुग,नरेश सागर, आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे
फर्जी पोस्ट करके बंगाली समाज का अपमान करने वाले किसी भी दशा में नहीं बक्शे जायेंगे :-राजकुमार ठुकराल
