
जेसीज पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर की गंगापुर रोड स्थित जूनियर विंग के नव-निर्मित भवन का शुभारंभ अत्यंत हर्षोल्लास एवं धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना, हवन एवं कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र हवन से हुई, जिसके पश्चात भक्ति भाव से ओत-प्रोत कीर्तन प्रस्तुत किए गए। समस्त आयोजन के माध्यम से विद्यालय की निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


इस अवसर पर रागी जत्था द्वारा मधुर शबद कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया गया तथा अंत में अरदास की गई।
उल्लेखनीय है कि शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के लिए विद्यालय की जूनियर विंग का नवीन एवं विशाल भवन पूर्णरूप से तैयार हो चुका है। यह भवन नई शिक्षा नीति के सभी मानकों एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निर्मित किया गया है। यहाँ आधुनिक तकनीकों एवं नवीन सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी। यह संस्थान क्षेत्र के बच्चों के लिए एक उत्कृष्ट एवं आधुनिक शिक्षण केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने अपने संबोधन में कहा कि सभी के कठिन परिश्रम, समर्पण एवं ईश्वर की कृपा से इस भव्य भवन का निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि इस भवन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए एक बेहतर वातावरण प्रदान करना है।
विद्यालय के निदेशक श्री सुधांशु पन्त ने सभी को शुभकामनाएँ देते हुए नव-नियुक्त अध्यापिकाओं का परिचय कराया एवं उनका हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का जो सपना संजोया गया है, उसे सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं सहयोग से साकार किया जाएगा। इस गरिमामय अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










