Spread the love



अयोध्या में श्री सीता रसोई बंद, उत्तरकाशी के कई कारखानों में उत्पादन ठप होने का दावा

लखनऊ। प्रदेश में रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी यूथ ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। समाजवादी पार्टी यूथ के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव ने जारी प्रेस नोट में आरोप लगाया कि प्रदेश के कई जिलों में रसोई गैस की भारी कमी के कारण आम जनता को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि अयोध्या में संचालित श्री सीता रसोई तक बंद हो गई है, जबकि उत्तरकाशी क्षेत्र में गैस आपूर्ति बाधित होने से दर्जनों कारखानों में उत्पादन ठप होने की स्थिति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं है, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग दिखाई दे रही है।
अरविंद यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता आज खाना पकाने के ईंधन के लिए लंबी कतारों में खड़ी होने को मजबूर है। उन्होंने केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि जब गैस की नियमित आपूर्ति ही सुनिश्चित नहीं है तो योजना का लाभ लोगों तक किस तरह पहुंच पाएगा।
उन्होंने सरकार से गैस आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आम जनता की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।

You cannot copy content of this page