Spread the love

रुद्रपुर। शहर के मुख्य प्रवेश द्वार पर भव्य ‘त्रिशूल चौक’ की स्थापना कर रुद्रपुर को एक विशिष्ट और आध्यात्मिक पहचान दिलाने के लिए भाजपा नेताओं ने महापौर विकास शर्मा का भव्य स्वागत किया। नगर निगम कार्यालय पहुँचकर नेताओं ने महापौर को अंगवस्त्र भेंट किए और प्रतीक चिह्न देकर उनके विजन की सराहना की।इस दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम ने न केवल बुनियादी ढांचा सुधारा है, बल्कि शहर की आत्मा को भी निखारा है। उन्होंने कहा किे रुद्रपुर का नाम भगवान रुद्र (शिव) के नाम पर है, लेकिन वर्षों से यहाँ आने वाले आगंतुकों को इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक तथ्य का बोध नहीं होता था। त्रिशूल चौक की स्थापना महज एक निर्माण कार्य नहीं है, बल्कि यह हमारी जनभावनाओं और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। अब अन्य राज्यों और जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को शहर में प्रवेश करते ही यह साक्षात् अनुभव होगा कि वे भगवान रुद्र की पावन नगरी में कदम रख रहे हैं।महापौर विकास शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और जनता के विश्वास को दिया। उन्होंने अपने वक्तव्य को विस्तार देते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य रुद्रपुर को केवल कंक्रीट का जंगल बनाना नहीं, बल्कि इसे एक ‘स्मार्ट सिटी’ के साथ-साथ ‘संस्कार सिटी’ के रूप में विकसित करना है। बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, बिजली और पानी के साथ-साथ अपनी संस्कृति का संरक्षण करना भी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी का हमें निरंतर सहयोग मिल रहा है। उनके कुशल नेतृत्व में शहर के विकास की गति को थमने नहीं दिया जाएगा। आने वाले समय में रुद्रपुर में कई और सौंदर्यीकरण परियोजनाएं धरातल पर उतरेंगी, जो शहर को आधुनिकता और परंपरा का अनूठा संगम बनाएंगी। उन्होंने कहा कि त्रिशूल के बाद अब जल्द ही डमरू स्थापित होगा इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों पर भी चर्चा की और महापौर की कार्यशैली की प्रशंसा की। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना , पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा अनिल चौहान,जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, प्रदेश आईटी संयोजक ओबीसी मोर्चा योगेश वर्मा, जिला मीडिया संयोजक विजय पाल सिंह तोमर, सुनील सिंह, अभिषेक तिवारी आदि मौजूद थे।

You cannot copy content of this page