
सितारगंज के आई टीआई कॉलेज में आज उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने उत्तराखंड राज्य के सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि यह उनका “चतुर्थ कौशल संवाद” कार्यक्रम है। इससे पहले भी तीन बार छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया जा चुका है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व संवादों के बाद कई सुविधाएं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई गईं, जिससे छात्रों ने संतोष जताया।
आज के संवाद कार्यक्रम में छात्रों ने खेल सामग्री, ड्रेस, आने-जाने के लिए कन्वेंस सुविधा, हॉस्टल व्यवस्था और कैंटीन से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विद्यार्थियों ने बताया कि पहले मिली सुविधाओं से उन्हें काफी लाभ हुआ है, लेकिन अभी भी कुछ समस्याएं शेष हैं, जिनका समाधान होना आवश्यक है।मंत्री ने आश्वासन दिया कि छात्रों की सभी जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, ताकि आईटीआई में अध्ययनरत युवा बेहतर वातावरण में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें और अपने कौशल को और मजबूत बना सकें कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रशासन एवं संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। संवाद का उद्देश्य विद्यार्थियों और सरकार के बीच सीधा संपर्क स्थापित कर कौशल विकास को नई दिशा देना रहा।










