Spread the love

गदरपुर । रुद्रपुर क्षेत्र में नमाज़ अदा कर रहे एक युवक के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। घटना के विरोध में मुस्लिम समाज के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले युवक की पहचान अरविंद शर्मा के रूप में हुई है। इस मामले में थाना पंतनगर में अरविंद शर्मा व अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के विरोध में गदरपुर के मुस्लिम समाज के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि धार्मिक आस्थाओं से जुड़े मामलों में इस प्रकार की घटनाएं समाज में आपसी सौहार्द को प्रभावित करती हैं।
इस दौरान फैजान खान ने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को अपनी इबादत या पूजा-पाठ के दौरान भय का सामना नहीं करना पड़े,ऐसा सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग की।
शाकिर अली ने कहा कि क्षेत्र में भाईचारा और शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कानून के तहत सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। ज्ञापन देने वालो में शाहेरूम (टोनीपठान),मुजम्मिल,मो.
अशरफ,फरमान,सागर,यासीन,शाहरुख,अरमान,आसिफ,रिजवान कुरैशी,रहमान,फईम,नौशाद,जाने अली मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page