
गदरपुर। नगर पालिका क्षेत्र में 19 फरवरी को ‘जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य बहुउद्देशीय जनसुविधा शिविर का आयोजन किया गया। थाने के समीप स्थित पार्किंग परिसर में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया और अपनी समस्याओं का समाधान कराया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य ‘अंत्योदय’ है—समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि सुशासन की प्रतिबद्धता है, जिसके तहत प्रशासन स्वयं जनता की दहलीज तक पहुंच रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।दिव्यांगजनों को मिला सहारा, CSR से वितरित हुए उपकरण शिविर के दौरान सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए Green India संस्था द्वारा सीएसआर फंड के माध्यम से दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और ई रिक्शा गाड़ी प्रदान की गईं। प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने स्वयं अपने हाथों से ये सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जब सरकार और निजी संस्थाएं मिलकर कार्य करती हैं, तब समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव होता है।
प्रमाण पत्रों से जुड़ी समस्याओं का हुआ समाधान
शिविर में आय,जाति,स्थायी निवास एवं विकलांगता प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। कई आवेदनों की मौके पर ही जांच कर आगे की प्रक्रिया पूर्ण की गई,जिससे नागरिकों को त्वरित राहत मिली। विद्युत,स्वास्थ्य,समाज कल्याण एवं राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए और लोगों का मार्गदर्शन किया।शिविर के सफल आयोजन में नगर पालिकाध्यक्ष मनोज कुमार मिंटू की विशेष भूमिका रही। उनके निर्देशन में नगर पालिका प्रशासन एवं संबंधित विभागों ने समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया। अध्यक्ष मनोज कुमार मिंटू ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जनता को सरकारी सेवाएं उनके द्वार पर उपलब्ध कराना है,ताकि अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। वही विधायक अरविंद पांडे ने भी बहुउद्देशीय शिविर में पहुंचकर शिविर की सफलता की सबको शुभकामनाएं प्रदान की और सरकार द्वारा आयोजित किये जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की । कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह,तहसीलदार लीना धामी,ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर,दिनेशपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि काबल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,ग्रिड इंडिया के प्रतिनिधि और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











