Spread the love

सितारगंज (अश्वनी दीक्षित) आज पशुपालन विभाग द्वारा विकासखण्ड सितारगंज के अंतर्गत ग्राम ऐंजनिया स्थित ग्राफ सेंटर में विकासखण्ड स्तरीय पशु प्रदर्शनी का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारम्भ पूर्व विधायक नानकमत्ता डॉ. प्रेम सिंह राणा ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न वर्गों में लगभग 80 उत्कृष्ट पशुओं का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में ग्राम मलपुरी निवासी श्री गुलाब चन्द की भैंस ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चैम्पियन पशु का खिताब अपने नाम किया। दुधारू गाय वर्ग में श्री गुलाब चन्द की गाय ने प्रथम स्थान, ग्राम ऐंजनिया के श्री दीप सिंह की गाय ने द्वितीय स्थान तथा ग्राम ऐंजनिया के ही श्री बिरसा सिंह की गाय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सूखी गाय वर्ग में चन्दन सिंह की गाय प्रथम, परमेश्वरी सिंह की गाय द्वितीय एवं अर्जुन सिंह की गाय तृतीय स्थान पर रही। वहीं दुधारू भैंस वर्ग में गुलाब चन्द प्रथम, हरजिंदर सिंह द्वितीय एवं सतेंद्र सिंह की भैंस तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी सितारगंज ने पशुपालकों को पशुपालन विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण एवं उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए उन्नत पशुपालन अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह राणा, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी गदरपुर डॉ. सलीम पी.के. पाठक, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी खटीमा डॉ. राजेन्द्र राम, डॉ. विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय पशुपालक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिससे आयोजन अत्यंत सफल एवं यादगार रहा।

You cannot copy content of this page