Spread the love

सितारगंज:(अश्वनी दीक्षित) सरस्वती शिशु मंदिर सितारगंज में बीते शुक्रवार को बसंत पंचमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय अध्यक्ष नरेश कंसल एवं प्रधानाचार्य देव सिंह विष्ट द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर आचार्य बंधुओं व बहनों ने पीत वस्त्र धारण कर सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। बसंत पंचमी के शुभ मुहूर्त में 25 नन्हे-मुन्ने बच्चों का विधिवत प्रवेश संस्कार संपन्न कराया गया, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना, तिलक, चंदन व मिष्ठान वितरण कर बच्चों को शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रसेवा के पथ पर अग्रसर होने का आशीर्वाद दिया गया। इसके उपरांत हवन-पूजन कर समस्त देवी-देवताओं का स्मरण किया गया तथा सभी विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया। आचार्यगणों ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि निश्चल, निष्काम एवं स्वार्थरहित प्रेम से ही व्यक्ति के चरित्र, शक्ति और संस्कारों का विकास होता है। कार्यक्रम में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस गरिमामय आयोजन में विद्यालय अध्यक्ष नरेश कंसल, प्रबंधक शिवपाल सिंह चौहान, सह-प्रबंधक पवन बडसीवाल, उपाध्यक्ष पंकज गहतोड़ी, प्रधानाचार्य देव सिंह विष्ट, आचार्या रेखा गंगवार, कीर्ति बल्लभ भट्ट, अभिभावकगण, समस्त आचार्यवृंद एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page