➡️ चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, नशे और महिला सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
➡️ विजेता छात्राओं को किया गया सम्मानित
🛑 जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा युवाओं को सामाजिक बुराइयों एवं आधुनिक अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात ऊधमसिंहनगर श्री जितेंद्र चौधरी के कुशल निर्देशन में उधमसिंहनगर पुलिस द्वारा श्री गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज, रुद्रपुर में चित्रकला (ड्राइंग) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम, नशे के दुष्प्रभाव एवं महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था। विद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 280 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। छात्राओं द्वारा बनाए गए पोस्टरों में साइबर फ्रॉड से बचाव, नशामुक्त समाज और महिला सुरक्षा जैसे विषयों को बेहद प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।
दिनांक 19 मई 2026 को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक (अपराध/यातायात) जितेंद्र चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में कक्षा 10 ‘C’ की छात्रा तनु विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 10 ‘C’ की छात्रा निशा गुप्ता एवं कक्षा 11 ‘A’ की छात्रा माही शर्मा ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 10 ‘C’ की छात्रा भावना जोशी एवं भूमि सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध/ यातायात श्री जितेंद्र चौधरी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी रखने की अपील की। उन्होंने छात्राओं द्वारा बनाए गए पोस्टरों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की रचनात्मकता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन सकती है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्या, शिक्षकगण एवं साइबर सेल रुद्रपुर तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
