रुद्रपुर। ईंधन बचत और संसाधनों के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंहनगर अजय गणपति ने जनपद पुलिस में “फ्यूल अनुशासन पॉलिसी” लागू कर दी है। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
माननीय प्रधानमंत्री एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की ईंधन संरक्षण संबंधी अपील को ध्यान में रखते हुए लागू की गई इस पहल के तहत अब प्रत्येक शनिवार को पुलिस कार्यालयों एवं अन्य पुलिस इकाइयों में “नो व्हीकल डे” मनाया जाएगा। इस दिन पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यालय आने-जाने के लिए निजी अथवा सरकारी वाहनों का प्रयोग नहीं करेंगे।
नई व्यवस्था के तहत थाना स्तर पर होने वाली अपराध समीक्षा बैठक, गोष्ठी एवं अन्य बैठकों को अधिक से अधिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अनावश्यक वाहन संचालन और ईंधन खर्च को कम किया जा सके।
इसके साथ ही दिन एवं रात्रि गश्त के दौरान पैदल गश्त को प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए गए हैं। चीता मोबाइल और अन्य गश्ती वाहन एक स्थान पर रोककर आसपास 100 से 200 मीटर क्षेत्र में पैदल गश्त करेंगे, जिसके बाद आगे बढ़ेंगे। अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एसएसपी ने वीआईपी ड्यूटी, परेड एवं कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान कार पूलिंग को प्राथमिकता देने को कहा है। वहीं अत्यावश्यक परिस्थितियों को छोड़कर बस, टैक्सी, लोकल ट्रेन एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के उपयोग के लिए भी कर्मचारियों को प्रेरित किया गया है।
थानों एवं डायल 112 वाहनों के ईंधन कोटे पर भी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को सरकारी वाहनों का संचालन केवल आवश्यकता पड़ने पर करने और अनावश्यक ईंधन व्यय रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आमजन को भी सार्वजनिक परिवहन एवं वैकल्पिक साधनों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस एक अत्यावश्यक सेवा है और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन इसके साथ संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं बल्कि राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऊधम सिंहनगर पुलिस जनसेवा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।


