लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
गदरपुर। थाना गदरपुर की सकैनिया पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सरोवर नगर में चोरों ने एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बेखौफ बदमाशों ने घरों के पीछे की दीवार काटकर दो घरों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया, जबकि तीन अन्य घरों में भी सेंध लगाने का प्रयास किया गया।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी अखलाख अहमद पुत्र सुबराती के घर दो माह बाद बेटी का विवाह होना है। परिवार विवाह की तैयारियों में जुटा हुआ था और धीरे-धीरे जेवर व सामान एकत्र कर रहा था। भीषण गर्मी के चलते परिवार वाले विद्युत पंखा लगाकर घर के आंगन में सो रहे थे। इसी बात का फायदा उठाकर चोरों ने रात के अंधेरे में घर के पीछे से दीवार काटकर करीब पांच तोले सोने के जेवर, पौने दो किलो चांदी, नए कपड़े, एक लाख रुपये की नगदी और मासूम बेटियों की गुल्लकों में रखी छह हजार रुपये की राशि भी चोरी कर ली।
इसके अलावा रिजवान पुत्र कलवा के घर से चोर करीब साढ़े चार तोले सोना, करीब 750 ग्राम चांदी, नए कपड़े तथा पीतल और तांबे के बर्तन चोरी कर ले गए। वहीं जमील अहमद,जरीफ अहमद और शहीद अहमद के घरों की दीवारें भी घर के पीछे से काटी गईं, लेकिन चोर वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पूर्व की कई घटनाओं का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। एक के बाद एक हो रही वारदातों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने,जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।
