Spread the love

गदरपुर (ऊधमसिंहनगर)। जिले में ऑनलाइन जॉब और पैसे डबल करने का लालच देकर साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। गदरपुर क्षेत्र की एक 21 वर्षीय युवती से ठगों ने टेलीग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर 6 लाख 5 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खानपुर पश्चिम निवासी लवप्रीत कौर पुत्री भूपेंद्र सिंह निवासी खानपुर पश्चिम गदरपुर को 27 मई 2026 को इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन जॉब का ऑफर मिला था। इसके बाद ठगों ने उनका मोबाइल नंबर लेकर व्हाट्सएप पर संपर्क किया और टेलीग्राम पर @Anaisha नाम की आईडी से एक महिला ने बातचीत शुरू की। महिला ने स्वयं को अनाईशा बताते हुए एक एप डाउनलोड कर उसमें ऑनलाइन टास्क पूरा करने और पैसे निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
आरोप है कि ठगों ने युवती को भरोसा दिलाया कि निवेश की गई राशि कुछ ही समय में दोगुनी हो जाएगी। इसके लिए पहले एप में रिचार्ज करने और विभिन्न टास्क पूरे करने को कहा गया। ठगों द्वारा दी गई ट्रांजेक्शन आईडी के आधार पर पीड़िता ने गूगल पे के माध्यम से 32 बार अलग-अलग भुगतान किए।
जब पीड़िता ने अपनी राशि वापस मांगी तो ठगों ने और पैसा जमा करने पर पूरी रकम लौटाने का झांसा दिया। लेकिन बाद में न तो पैसा वापस किया गया और न ही कोई संपर्क स्थापित हो सका। पीड़िता के अनुसार उससे कुल 6 लाख 5 हजार रुपये की ठगी की गई है।
पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर सेल रुद्रपुर में दर्ज कराई है तथा कोतवाली गदरपुर में भी अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

You cannot copy content of this page