‘या हुसैन’ की सदाओं के बीच गदरपुर से केलाखेड़ा कर्बला तक निकला मोहर्रम का जुलूस
गदरपुर व ग्रामीण क्षेत्रों में ग़मगीन माहौल में मनाया गया मोहर्रम पर्व, जगह-जगह लगी सबीलें
शहीदाने-कर्बला की याद में निकले ताज़िए, पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ जुलूस
गदरपुर। नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मोहर्रम का पर्व शुक्रवार को पूरी अकीदत, एहतराम और ग़मगीन माहौल में मनाया गया। हज़रत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम और शहीदाने-कर्बला की याद में मुस्लिम समाज के लोगों ने ताज़िए के साथ जुलूस निकाला। “या हुसैन” और “या अली” की सदाओं के बीच अज़ादारों ने ग़म का इज़हार करते हुए मातम किया और कर्बला की कुर्बानी को याद किया।
गदरपुर नगर के साथ ही मजरा शीला,डोंगपुरी, झगड़पुरी, मसीत,सिनेमा कालोनी,गदरपुरा, महतोष तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग अपने-अपने ताज़ियों के साथ मुख्य बाज़ार से होते हुए केलाखेड़ा स्थित कर्बला पहुंचे। यहां धार्मिक रस्मों और दुआओं के बीच ताज़ियों को सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। पूरे जुलूस के दौरान अमन, भाईचारे और आपसी सौहार्द का सुंदर संदेश देखने को मिला।
मोहर्रम के जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कोतवाली प्रभारी गदरपुर प्रदीप शर्मा अपनी टीम के साथ लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। वहीं केलाखेड़ा थाना पुलिस भी पूरे मार्ग और कर्बला स्थल पर तैनात रही। सुरक्षा व्यवस्था के चलते जुलूस बिना किसी व्यवधान के सकुशल संपन्न हुआ।
जुलूस के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा छबील लगाई गई। यहां अज़ादारों, राहगीरों और श्रद्धालुओं को मीठा पानी, जीरा पानी, शिकंजी तथा सादा पानी पिलाकर ख़िदमत की गई। लोगों ने इसे इंसानियत, मोहब्बत और सेवा का प्रतीक बताते हुए बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
केलाखेड़ा स्थित कर्बला परिसर में पारंपरिक मेले का भी आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर मेले का आनंद लिया। बच्चों और परिवारों की मौजूदगी से मेले में रौनक देखने को मिली। मोहर्रम के अवसर पर पूरे क्षेत्र में ग़म के साथ-साथ आपसी भाईचारे, धार्मिक सौहार्द और इंसानियत की मिसाल भी देखने को मिली।
