Spread the love

  • विधायक शिव अरोरा और महापौर विकास शर्मा ने टीम को दिलाई शपथ

रुद्रपुर। स्थानीय मेट्रोपोलिस रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी (MRWA) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों का भव्य ‘शपथ ग्रहण समारोह’ रविवार को सोसाइटी परिसर स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महापौर विकास शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
समारोह में विधायक शिव अरोरा और महापौर ने नवनियुक्त अध्यक्ष श्री शंकर सिंह पटवाल, उपाध्यक्ष श्री पीयूष भाटिया, सचिव श्रीमती पूनम वर्मा और कोषाध्यक्ष श्री जीवन सिंह को पद की गरिमा बनाए रखने और निवासियों के हित में कार्य करने की शपथ दिलाई। इनके साथ ही कार्यकारिणी सदस्य श्री पंकज तिवारी, श्रीमती शशि श्रीवास्तव, श्रीमती नीशू पवार और श्री सज्जन चौधरी ने भी अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि किसी भी कॉलोनी या सोसाइटी के व्यवस्थित विकास के लिए एक सशक्त और ईमानदार कार्यकारिणी का होना अनिवार्य है। उन्होंने नवनियुक्त टीम को बधाई देते हुए कहा कि जन सेवा की भावना ही किसी भी संगठन को ऊंचाइयों पर ले जाती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सोसाइटी की समस्याओं के समाधान और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में वह अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।
वहीं, महापौर विकास शर्मा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत मेट्रोपोलिस एक महत्वपूर्ण सोसाइटी है। नई टीम से यह अपेक्षा की जाती है कि वे स्वच्छता, सुरक्षा और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे। उन्होंने निवासियों से भी अपील की कि वे अपनी कार्यकारिणी का पूरा सहयोग करें ताकि सोसाइटी को आदर्श बनाया जा सके।

शपथ ग्रहण के उपरांत सोसाइटी के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री शंकर सिंह पटवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए निवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “आज आपने जो विश्वास मुझ पर और मेरी टीम पर जताया है, हम उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। हमारी प्राथमिकता सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना, पार्कों का सुंदरीकरण और बिजली-पानी जैसी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। हम किसी भी भेदभाव के बिना सभी निवासियों के साथ मिलकर काम करेंगे और मेट्रोपोलिस को एक परिवार की तरह आगे ले जाएंगे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मानेन्द्र सिंह कोश्यारी, पार्षद श्री बीनू और पार्षद संघ के प्रतिनिधि श्री राजेश जग्गा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और नई टीम को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भारी संख्या में सोसाइटी के निवासी सपरिवार उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page