खटीमा/बानूसा। ग्राम बानूसा के सुखराम नगर कॉलोनी स्थित बुद्ध विहार में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के पावन अवसर पर उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत निधि से निर्मित टीन शेड के निर्माण कार्य पूर्ण होने पर उसका उद्घाटन भी विधिवत रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने सामाजिक समानता, शिक्षा और संविधान के माध्यम से देश को नई दिशा दी, जिनके मार्ग पर चलकर समाज को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम को ग्रामीण विकास और सामाजिक समरसता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख खटीमा रणजीत सिंह नामधारी, जिला पंचायत प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान डॉ. सुखदीप सिंह लाडी, बीडीसी सदस्य सुभाष सिंह राणा, मेंबर प्रदीप कुमार, संदीप कुमार, प्रेमचंद, राम प्यारे, रामाधार, रामशकल, रामजीत, कन्हैया लाल सहित अनेक सम्मानित ग्रामवासी उपस्थित रहे।



