रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रुद्रपुर ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी उत्कृष्टता का परिचय दिया है। विद्यालय के सात होनहार निशानेबाजों ने 45वीं प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ा है।
प्रतियोगिता का आयोजन 17 अगस्त से 2 सितंबर, 2026 तक त्रिशूल शूटिंग रेंज, देहरादून में हुआ। खिलाड़ियों ने 10 मीटर एयर पिस्टल एवं 50 मीटर पिस्टल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी दावेदारी मजबूत की।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ियों में जस्करण सिंह (कक्षा 10), गुनकार सिंह संधू (कक्षा 10), वेदांत चौधरी (कक्षा 5), अजीत सिंह रंधावा (कक्षा 10), प्रभलीन कौर (कक्षा 11), आंशी रौतेला (कक्षा 11) तथा वृद्धि अग्निहोत्री (कक्षा 11) शामिल हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कठिन मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। विद्यालय के चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन श्री हरमन सिंह ग्रोवर एवं प्रधानाचार्य श्री चेतन सिंह चौहान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विश्वास जताया कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेंगे।
डीपीएस रुद्रपुर में खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएँ एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षण विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
