25 हजार किलो लहन नष्ट, 310 लीटर कच्ची शराब बरामद; कई मामलों में अभियोग दर्ज
बाजपुर। माननीय आबकारी आयुक्त के आदेश एवं जिला आबकारी अधिकारी ऊधमसिंह नगर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बाजपुर क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
अभियान के तहत मसीत, कुईखेड़ी और जनता फार्म क्षेत्र में क्षेत्र-4 बाजपुर, क्षेत्र-1 रुद्रपुर, क्षेत्र-3 काशीपुर तथा जनपदीय प्रवर्तन दल की संयुक्त टीमों ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संचालित सात शराब की भट्टियों को मौके पर ध्वस्त किया गया।
टीम ने मौके से करीब 25 हजार किलोग्राम लहन नष्ट किया। वहीं, आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाने पर 310 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किए गए हैं।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अड्डों को चिन्हित कर उनके समूल विनिष्टीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

