विश्व रत्न, भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं महान समाज सुधारक बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर नैनीताल कांग्रेस जिला अध्यक्ष (अनुसूचित जाति विभाग) इन्दर पाल आर्य के निवास—बागजाला, गौलापार में एक अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए किया गया। पूरे वातावरण में सम्मान, श्रद्धा एवं उत्साह का भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा था।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष (एस.सी. विभाग), नैनीताल इन्दर पाल आर्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा साहब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को न्याय दिलाने हेतु आजीवन संघर्ष किया। उनके द्वारा निर्मित भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात कर एक समतामूलक एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गौलापार-चोरगलिया के अध्यक्ष हेमन्त बगड़वाल ने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि शिक्षा, संगठन और संघर्ष के सिद्धांतों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने सामाजिक एकता, भाईचारे एवं जागरूकता को बढ़ावा देने पर बल दिया।
तत्पश्चात अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहब के योगदानों को स्मरण किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि बाबा साहब का जीवन सामाजिक न्याय, समानता एवं मानवाधिकारों की स्थापना का अद्वितीय उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों को मिठाई वितरित कर जयंती की खुशियाँ साझा की गईं, जिससे पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता एवं सौहार्द का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर जिला प्रवक्ता हरेंद्र क्वीरा, राम सिंह नगरकोटी, जिला उपाध्यक्ष किशन राम, पूर्व प्रधान दया किशन, ब्लॉक अध्यक्ष केशव राम, विपिन राज, पूर्व फौजी खीम राम, मोहन लाल, हीरा लाल, बसंत कुमार, पूर्व फौजी रमेश प्रसाद, कैलाश चंद्र चमोली, महेश राम, ललित प्रसाद, ललित कुमार, मनीष कुमार, मंतोष राय, मोहन चंद्र, राहुल सागर, पूरन राम, हेमा आर्य, चम्पा देवी, बिना देवी, पुष्पा देवी, विमला देवी, कुमारी साधना, कमला देवी, धर्मेंद्र राम, प्रदीप कुमार आर्य सहित कांग्रेस जिला एस.सी. विभाग, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, वरिष्ठ कांग्रेस तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गौलापार-चोरगलिया के पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता तथा बागजाला एवं गौलापार क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


