Spread the love

किच्छा नगर में रेलवे फाटक पर वर्षों से लगने वाले भीषण जाम और आमजन को हो रही भारी परेशानियों को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ लगातार आवाज उठाते रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 04 जून 2025 को विधायक बेहड़ ने स्वयं पुरानी गल्ला मंडी क्षेत्र का निरीक्षण कर अंडरपास निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया था तथा को जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को विस्तृत पत्र भेजकर किच्छा रेलवे फाटक क्षेत्र में अंडरपास निर्माण की मांग उठाई थी। अब इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर बड़ी प्रगति सामने आई है। उपजिलाधिकारी किच्छा द्वारा दिनांक15-5-2026 को पत्रांक संख्या 152 के तहत भेजे गए पत्र में अवगत कराया गया है कि दिनांक 02 अप्रैल 2026 को जिलाधिकारी नितिन भदौरिया की अध्यक्षता में रेलवे विभाग से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें किच्छा में अंडरपास निर्माण को लेकर आवश्यक कार्यवाही को आगे बढ़ाया गया। बैठक में रेलवे विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि अंडरपास निर्माण हेतु जिलाधिकारी कार्यालय से अनुमति प्राप्त हो चुकी है तथा वर्तमान में ड्राइंग एवं एस्टीमेट तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। बेहड़ ने कहा कि किच्छा रेलवे फाटक के कारण शहर की जनता, व्यापारियों, विद्यार्थियों, किसानों और राहगीरों को वर्षों से भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। फाटक बंद होने पर शहर में लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने के साथ-साथ एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं तथा दिनभर में लगभग 15 ट्रेने रेलवे लाइन से होकर गुजरती हैं. किच्छा नगर पालिका क्षेत्र में कुल 20 वार्ड है यह वार्ड रेलवे के दोनों तरफ बनें हुए हैं. लगभग 40 वर्षों पूर्व से किच्छा का साप्ताहिक हाट बाजार भी प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को फाटक के पूरब में ही लगता है जिसमें हजारों की तादात में लोगो को क्रासिंग पार करके पूरब की तरफ जाना पड़ता है इन दोनों ही दिन में पूरे शहर में जाम की स्थिति अनियंत्रित रहती है। किच्छा नगर पालिका द्वारा भी फाटक के पूरब की तरफ ही 6 एकड़ भूमि में ट्रचिंग ग्राउंड तथा गौशाला प्रस्तावित है तथा पालिका ‌द्वारा भूमि खरीद ली गयी है गौर पालिका प्रशासन को पूरब के वार्डो का कूड़ा एकत्रित करने गाड़ियाँ भेजने में बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ता है गाडियाँ अक्सर जाम में फंस जाती है। उन्होंने कहा कि किच्छा की जनता को जाम से स्थायी राहत दिलाने और शहर के सुनियोजित विकास के लिए अंडरपास निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा और जनता की इस बहुप्रतीक्षित मांग को जल्द धरातल पर उतारने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। विधायक बेहड़ ने प्रशासन एवं रेलवे विभाग द्वारा प्रक्रिया को आगे बढ़ाए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह किच्छा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका लाभ आने वाले समय में पूरे क्षेत्र की जनता को मिलेगा।

You cannot copy content of this page