Spread the love


रिपोर्टर अश्वनी दीक्षित
खबर पड़ताल

सितारगंज बिजटी-माझोला मार्ग पर नदी के पुल की एप्रोच पहली ही बारिश में अचानक धंसने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुल के एक हिस्से की सड़क में गहरी दरारें पड़ गईं और एप्रोच मार्ग तेजी से नीचे खिसक गया, जिससे पुल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने एहतियातन भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है, जबकि छोटे वाहनों को भी फिलहाल सावधानी के साथ निकाला जा रहा है। पुल की एक ओर सड़क काफी हिस्से में धंस चुकी है और जगह-जगह गहरे क्रैक दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में दोबारा तेज बारिश हुई और नदी का बहाव बढ़ा तो कटान और अधिक बढ़ सकता है, जिससे एप्रोच मार्ग के पूरी तरह बहने का खतरा पैदा हो सकता है। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। भारी वाहनों का आवागमन बंद होने से क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने लगा है। वहीं, निर्माण पूरा होने के कुछ समय बाद ही पहली बारिश में एप्रोच मार्ग की हालत बिगड़ने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता, मिट्टी के भराव की कॉम्पैक्टिंग, जल निकासी व्यवस्था और सुरक्षा दीवार के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और विभागीय अधिकारियों की प्रभावी निगरानी में कराया गया होता तो पहली ही बारिश में एप्रोच मार्ग के इस तरह धंसने की स्थिति नहीं बनती। लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जांच में यदि निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल, मानकों की अनदेखी या किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराकर धंसी एप्रोच की युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जाए तथा नदी के संभावित कटान को रोकने के लिए ठोस सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि मार्ग को सुरक्षित किया जा सके और आवागमन बाधित होने के साथ-साथ किसी संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाला जा सके।

You cannot copy content of this page