Spread the love

उत्तराखंड में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले कबूतरबाजों पर अब विदेश मंत्रालय ने बड़ा एक्शन लिया है। मंत्रालय ने राज्य में सक्रिय 14 एजेंटों और कंपनियों को चिन्हित करते हुए उनकी सूची अपनी वेबसाइट पर अपडेट कर दी है। आरोप है कि ये एजेंसियां विदेश भेजने का सपना दिखाकर युवाओं से मोटी रकम वसूल रही थीं।
जानकारी के मुताबिक, कई युवक इन एजेंसियों के झांसे में आकर विदेश पहुंचे, जहां उन्हें नौकरी और सुविधाओं के बजाय दर-दर की ठोकरें खानी पड़ीं। शिकायतें बढ़ने के बाद विदेश मंत्रालय ने मामले का संज्ञान लिया और संदिग्ध एजेंसियों की सूची जारी की।

सूची में शामिल एजेंसियों और एजेंटों में काशीपुर की इनफीवे इमीग्रेशन आईलेट्स, रुद्रपुर की अब्रॉड जॉब वाला और गैलेक्सी ओवरसीज, रुड़की की केजी एंटरप्राइज, ऋषिकेश की विमरो इंटरनेशनल समेत कई नाम शामिल हैं। इसके अलावा रामनगर, हरिद्वार और अन्य क्षेत्रों के कुछ एजेंटों को भी चिन्हित किया गया है। वहीं रुद्रपुर में भी ऐसे मामले देखने को मिल रहे हैं जिसमें इन एजेंटों द्वारा विदेश भेजने के नाम पर विदेश जाने वाले लोगों से ठगी सहित अनाप-शनाप कागज बनाकर ठगी की जाती है और उनका पैसा लौटाया भी नहीं जा रहा।मामले के सामने आने के बाद स्पेशल टास्क फोर्स भी एक्शन मोड में आ गई है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि विदेश मंत्रालय में दर्ज शिकायतों का पूरा विवरण मांगा गया है। शिकायतों और ठगी के तरीकों की रिपोर्ट मिलते ही संबंधित एजेंसियों और संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय पुलिस ने भी इन एजेंसियों के कार्यालयों और गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।

You missed

You cannot copy content of this page