देहरादून। बाजपुर क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र से जुड़ी 6 सूत्रीय प्रमुख समस्याओं को विस्तारपूर्वक मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया तथा शीघ्र समाधान की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बाजपुर के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों और चिकित्सा स्टाफ की भारी कमी है, जिससे आम जनता को उपचार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर पर्याप्त नियुक्ति की मांग उठाई गई। वहीं रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम को लेकर स्थायी समाधान की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा बाजपुर क्षेत्र के 20 गांवों की 5838 एकड़ भूमि से जुड़े मामले में उचित कार्यवाही किए जाने की मांग रखी गई। बेरिया दौलत रोड स्थित अग्निशमन केंद्र के सुचारू संचालन एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन निगम की बसों को हल्द्वानी-कालाढुंगी वाया बाजपुर से देहरादून तक संचालित किए जाने की मांग की, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिल सके। साथ ही पशु चिकित्सालय में सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और आवश्यक सुधार किए जाने की आवश्यकता भी बताई गई।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बाजपुर क्षेत्र के समग्र विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष और प्रयास निरंतर जारी रहेगा।


