Spread the love

रूद्रपुर। वार्ड नंबर 40 स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में स्थानीय नागरिकों की आस्था और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। महापौर विकास शर्मा ने पार्षद बीनू और बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय लोगों की मौजूदगी में मंत्रोच्चारण के साथ मंदिर निर्माण का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने महापौर का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया और मंदिर विस्तार की उनकी पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों की विभिन्न समस्याओं को सुना और विकास कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए। महापौर ने उपस्थित जनसमूह को नगर निगम द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए चलाई जा रही अनेकों विकास योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहर का संतुलित विकास तभी संभव है जब हम आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और आस्था के केंद्रों को भी सुदृढ़ करें।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि लोगों की अटूट आस्था और जनभावनाओं को देखते हुए इस मंदिर का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी मंदिर के विकास और व्यवस्थाओं के लिए जो भी आवश्यकता होगी, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। महापौर ने कहा कि शहर में धार्मिक कार्यों को बढ़ावा देना और धार्मिक स्थलों का समुचित विकास करना उनकी कार्ययोजना का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन समाज की मजबूती के लिए आवश्यक है और वह इसके लिए पूरी तरह दृढ़ संकल्पित होकर कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, पार्षद बीनू, पार्षद संघ के अध्यक्ष राजेश जग्गा, पार्षद चंद्रसेन चंदा, पार्षद पवन राणा, कृष्ण शर्मा, हरेंद्र शर्मा, चेतन शर्मा, धीरेंद्र मिश्रा सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page