स्वच्छता के साथ जागरूकता भी जरूरी, नगर पालिका के सफाई अभियान में सहयोग की अपील
किच्छा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किच्छा नगर पालिका परिसर में शनिवार को देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) दीपक शुक्ला ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित कर्मचारियों एवं लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई गई।
ध्वजारोहण के बाद आयोजित कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी दीपक शुक्ला ने स्थानीय लोगों से नगर पालिका की ओर से चलाए जा रहे सफाई अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका या सफाई कर्मचारियों की नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था के साथ-साथ लोगों में जागरूकता होना भी बेहद जरूरी है। जब तक आम नागरिक स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं होंगे, तब तक शहर को पूरी तरह स्वच्छ रखना संभव नहीं होगा। उन्होंने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।ईओ ने कहा कि स्वच्छ शहर ही स्वस्थ समाज की पहचान है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता का भी ध्यान रखे तो किच्छा को और बेहतर एवं स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों से देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिसर में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। देशभक्ति गीत सुनकर मौजूद लोग भाव-विभोर हो उठे। इसके बाद उपस्थित लोगों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित किया गया।इस अवसर पर राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य नितिन चरण वाल्मीकि, ताहिर मलिक, विनोद कुमार, हेमचंद कोठारी, आनंद नेगी, कल्लू चरण, श्याम बाबू, मुकेश कुमार, माइकल सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।








