किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने विकास कॉलोनी, किच्छा में विद्युत करंट की चपेट में आने से 10 वर्षीय कर्मजीत सिंह की हुई दुःखद मृत्यु के मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल, ऊधम सिंह नगर तथा अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, किच्छा को पत्र प्रेषित किया है।
अपने पत्र में विधायक बेहड़ ने कहा कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर है तथा मृतक बालक परिवार का इकलौता पुत्र था। उन्होंने शासन स्तर पर उपलब्ध किसी भी अनुमन्य मद अथवा योजना के अंतर्गत पीड़ित परिवार को ₹10 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
विधायक बेहड़ ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि प्रथम दृष्टया यह मामला विभागीय लापरवाही का प्रतीत होता है। यदि विद्युत लाइनों का समय-समय पर निरीक्षण एवं आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए होते तो संभवतः इस दुःखद घटना को टाला जा सकता था। उन्होंने संबंधित क्षेत्र की विद्युत लाइनों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय एवं हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
